चंडीगढ़, 18 अगस्त 2026: पंजाब पुलिस ने बंबीहा गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मलेशिया से गैंग के 3 गुर्गों को डिपोर्ट करवाया है। पुलिस ने जस बेहबल, अजय सिंह और पवनीदीप सिंह को गिरफ्तार किया है।
तीनों पर पंजाब और पड़ोसी राज्यों में रंगदारी, टारगेट किलिंग समेत कई गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक अजय सिंह और पवनीदीप सिंह लुधियाना में हैंड ग्रेनेड ब्लास्ट की साजिश में भी शामिल रहे हैं।
नवंबर 2025 में लुधियाना पुलिस ने हैंड ग्रेनेड के साथ कुछ युवकों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया था कि शहर में दहशत फैलाने की तैयारी थी। आरोपियों से चीनी हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था। पूछताछ में यह भी पता चला कि इस साजिश की पूरी कहानी मलेशिया में बैठे अजय सिंह और पवनीदीप सिंह ने रची थी।
इसके बाद पुलिस ने मामले को केंद्र सरकार के ध्यान में लाकर दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की। अब इसी कार्रवाई के तहत पंजाब पुलिस ने मलेशिया से दोनों को डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी देखे: बुढलाडा पुलिस की बड़ी कामयाबी, बंबीहा गैंग का शूटर बख्शी धराया, तीन पिस्टल बरामद