लखनऊ, 01 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए 1 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से अभियान का शुभारंभ हुआ है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित घोष भी मौजूद रहे।
अभियान के तहत 1 जुलाई से 31 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। टीमें बुखार, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस और अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सर्वे, सफाई और जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश में कभी सबसे बड़ी चुनौती रहे इंसेफेलाइटिस पर अब लगभग 99 प्रतिशत नियंत्रण पाया जा चुका है। डेंगू और मलेरिया के मामलों में भी काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष में तीन बार संचारी रोग नियंत्रण एवं जागरूकता अभियान चलाती है, जिसमें 13 विभागों के समन्वय से काम किया जाता है।
पाठक ने लोगों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखें तथा मच्छरों के पनपने की परिस्थितियां समाप्त करें। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, आम जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे जरूरी है।
ये भी देखे: UP News: लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 14 पॉलीक्लीनिक का किया लोकार्पण