लखनऊ, 12 जून 2026: शहर के शहरी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए 14 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (UPHC) को पॉलीक्लीनिक के रूप में अपग्रेड किया गया है।
उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को इन 14 पॉलीक्लीनिकों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इन पॉलीक्लीनिकों के शुरू होने से आम नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा अब घर के नजदीक ही उपलब्ध हो जाएगी। छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
विभागीय योजना के मुताबिक हर पॉलीक्लीनिक में आठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, त्वचा रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन और मनोचिकित्सक शामिल हैं।
पॉलीक्लीनिक में आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। यहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, मिनी पैथोलॉजी लैब और ईसीजी की जांच हो सकेगी। साथ ही 63 प्रकार की डायग्नोस्टिक सेवाएं और 195 प्रकार की जरूरी दवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी।
ये भी देखे: यूपी विधानमंडल विशेष सत्र: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने हाथ जोड़कर विपक्ष से मांगा समर्थन