पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, लखनऊ में पेट्रोल 97.53 और डीजल 90.81 रुपए प्रति लीटर

by Manu
petrol price

लखनऊ, 15 मई 2026: उत्तर प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है। शुक्रवार से नए दाम लागू हो गए हैं। अब लखनऊ में पेट्रोल 97.53 रुपये और डीजल 90.81 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।

कीमत बढ़ने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। हमने तो पहले ही कहा था कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत की अपील का असर यूपी में दिख रहा है। कई नेता और अधिकारी अपील पर अमल करते नजर आए। रामपुर के भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने 4 ई-रिक्शा खरीदे और अब गनर के साथ ई-रिक्शा से ही कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं। फिरोजाबाद महापौर कामिनी राठौर स्कूटी चलाकर नगर निगम पहुंचीं।

सांसद रवि किशन ने कुशीनगर सांसद विजय दुबे के साथ इलेक्ट्रिक कार से कारपूलिंग की और 25 किमी दूर खजनी गए। लखनऊ में मंत्री दानिश आजाद ने अपनी सरकारी फ्लीट छोड़ दी और बुलेट से सचिवालय पहुंचे।

फिरोजाबाद डीएम स्टाफ के साथ 1 किमी पैदल चलकर ऑफिस पहुंचे। मंत्री सुरेश खन्ना साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। मुरादाबाद कमिश्नर ऑन्जनेय कुमार सिंह ने भी साइकिल से यात्रा की।

महराजगंज में एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। कई बड़े देश पेट्रोल-डीजल संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे समय में हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सरकार के साथ खड़ा रहे।

ये भी देखे: CNG Price Hike: मुंबई में सीएनजी महंगा, ₹2 प्रति किलो बढ़े दाम

You may also like