चंडीगढ़, 09 मई 2026: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार आगामी रबी सीजन में किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाला प्रमाणित गेहूं बीज उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आज हाई पॉवर्ड परचेज कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने बताया कि बीज पैकिंग के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बैग खरीदने को मंजूरी दे दी गई है।
श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा बीज विकास निगम के लिए हाई डेंसिटी पॉलीथिन (HDPE) बैग और जूट बैग खरीदने के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। इन बैगों की अग्रिम खरीद का मुख्य उद्देश्य बीज प्रोसेसिंग कार्य को बिना किसी देरी के समय पर पूरा करना है।
मंत्री ने आगे कहा कि प्रोसेसिंग और पैकिंग कार्य पूरा होने के बाद किसानों को रियायती दरों पर प्रमाणित बीज बुवाई से पहले उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन मिलेगा और कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी।
राणा ने बताया कि आज लिए गए फैसलों से हरियाणा बीज विकास निगम की हिसार, सिरसा, टोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी स्थित इकाइयों में समय पर बीज प्रोसेसिंग और पैकिंग कार्य सुनिश्चित हो सकेगा। इससे पूरे राज्य की बीज आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत बनेगी।
ये भी देखे: करनाल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने फर्जी धान खरीद पर दी चेतावनी, कहा – कई भी बख्शा नहीं जाएगा