गया, 09 मई 2026: गया के गुरुआ प्रखंड के धाना विगहा गांव में तिलक समारोह के दौरान भोज खाने के बाद 40 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मामला गुरुआ थाना क्षेत्र के मंदा पंचायत अंतर्गत धाना विगहा गांव का है। यहां स्थानीय शिक्षक रमेश दास के भांजे के तिलक समारोह का आयोजन चल रहा था। समारोह में शामिल हुए ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने सामूहिक भोज किया। भोजन के कुछ देर बाद ही कई लोगों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द शुरू हो गया।
बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ के चिकित्सक डॉ. नीतीश कुमार ने बताया कि सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। किसी की स्थिति गंभीर नहीं है।
ये भी देखे: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गया में 724 योजनाओं को किया लोकार्पित और शिलान्यास