चंडीगढ़, 09 मई 2026: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-2 आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी छापेमारी हुई। सूत्रों के अनुसार करीब 20 गाड़ियों की काफिले में ED की टीम सुबह उनके आवास पर पहुंची।
मंत्री संजीव अरोड़ा पर एक महीने के अंदर ED की यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर छापा मारा गया था।
इस छापेमारी पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा हमला बोला। सीएम ने एक्स पर लिखा, “आज फिर भाजपा की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।”
भगवंत मान ने आगे लिखा, “मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है। औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। इसलिए पंजाब मोदी की किसी भी चाल के आगे नहीं झुकेगा। पंजाब, ED और भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।”
संगरूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब के भाईचारे को तोड़ने के भाजपा के मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ हो रहे अन्याय का पंजाबी कड़ा जवाब देगा।
ये भी देखे: मंत्री संजीव अरोड़ा के घर और फर्मों पर 29 घंटे चली ED की रेड, दो बैग लेकर अधिकारी निकले