पंजाब में किसानों का 17 अप्रैल को दोपहर 12 से 3 बजे तक रेल रोको आंदोलन

by Manu
सरवन सिंह पंधेर

चंडीगढ़, 15 अप्रैल 2026: पंजाब के किसान संगठनों ने गेहूं खरीद में हो रही देरी और बेमौसमी बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया है।

संयुक्त किसान मोर्चा, किसान मजदूर मोर्चा (पंजाब चैप्टर) और आजाद किसान मोर्चा से जुड़े संगठनों की चंडीगढ़ में हुई बैठक में फैसला लिया गया कि 17 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक पूरे पंजाब में रेल रोको कार्यक्रम चलाया जाएगा।

किसानों का कहना है कि हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं समेत अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद सरकार ने गेहूं की खरीद प्रक्रिया अभी तक सही तरीके से शुरू नहीं की है। मंडियों में किसानों की फसल पड़ी हुई है और उन्हें उचित दाम नहीं मिल रहे।

किसान संगठनों ने आरोप लगाया कि उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर व्यापारी फसल के रेट कम कर रहे हैं।

किसानों की मांग है कि गेहूं की खरीद तुरंत शुरू की जाए, गुणवत्ता से जुड़े नियमों में ढील दी जाए ताकि नुकसान झेल चुके किसानों को राहत मिल सके। मंडियों में बोरियों की कमी दूर की जाए। छांव, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

ये भी देखे: पंजाब में किसानों का रेल रोको आंदोलन, पुलिस ने नेताओं को हाउस अरेस्ट किया

You may also like