गुरुग्राम, 15 अप्रैल 2026: हरियाणा पुलिस और डीटीपी टीम ने गुरुग्राम में कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी की अवैध संपत्ति पर बुल्डोजर चलाया है। टीम ने कौशल की 1500 वर्ग गज से ज्यादा की जमीन पर बुल्डोजर चलाकर मकान और दुकानें ध्वस्त किया। इस जमीन की मार्केट वैल्यू 50 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, यह जमीन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) की थी, जिस पर कौशल ने अवैध कब्जा कर रखा था। कार्रवाई के दौरान कब्जा खाली करवा लिया गया।
कौशल चौधरी गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी और फिरौती के करीब 37 मामले दर्ज हैं। वह पंजाब में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर (52) और बॉडीगार्ड करणवीर सिंह (29) की हत्या के मामले में भी वांछित था।
जमीनी विवाद और भाई की हत्या का बदला लेने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला कौशल चौधरी बंबीहा सिंडिकेट के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना गैंग चला रहा था। उसकी पत्नी मनीषा चौधरी भी लेडी डॉन के नाम से कुख्यात है। दोनों वर्तमान में गुरुग्राम की भौंडसी जेल में बंद हैं।
ये भी देखे: अवैध कॉलोनी पर नगर निगम की बुल्डोजर कार्रवाई, मुंडियां कलां में ढहाई गई अवैध बस्ती