दिल्ली, 17 नवंबर 2026: दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 से 23 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक में ट्रांसजेंडर समुदाय को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने और 800 प्रदूषण जांच केंद्रों के आधुनिकीकरण सहित कई अहम फैसले लिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र में दिल्ली के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। सरकार जनहित से जुड़े फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कैबिनेट ने ट्रांसजेंडर समुदाय को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में शामिल करने की मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को सालाना 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिलेगा। इसमें पांच लाख रुपये केंद्र और पांच लाख रुपये का अतिरिक्त कवर दिल्ली सरकार देगी।
लाभार्थी देशभर के आयुष्मान भारत से जुड़े अस्पतालों में 27 चिकित्सा विशेषज्ञताओं के तहत 1961 उपचार पैकेज और प्रक्रियाओं का लाभ उठा सकेंगे। इनमें गंभीर बीमारियों और अस्पताल में भर्ती होकर कराए जाने वाले इलाज शामिल हैं।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया