काला सागर में रूसी ड्रोन हमले में सिविलियन कार्गो जहाज पर दो की मौत, एक भारतीय घायल

by Manu
काला सागर

बुखारेस्ट, 06 अक्टूबर 2026: रोमानिया की समुद्री सीमा के बाहर काला सागर में तुर्की के एक सिविलियन कार्गो जहाज पर रूसी ड्रोन हमले में कम से कम दो क्रू मेंबर मारे गए। एक भारतीय समेत कुछ अन्य लोग घायल हो गए। मामले को लेकर भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है।

रोमानिया में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि क्रू मेंबर में तीन भारतीय नागरिक शामिल थे। ड्रोन हमले के कारण जहाज में आग लगने के बाद उनमें से एक घायल हो गया है। उसका इलाज चल रहा है।

पोस्ट में लिखा गया कि हमें आज ब्लैक सी में कमर्शियल जहाज एमवी रोयाद मम्मादोव पर हुए हमले के बारे में पता चला है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इसमें दो लोगों की मौत हुई है। ये विदेशी नागरिक हैं। कुछ क्रू मेंबर घायल हुए हैं और रोमानिया में उनका इलाज चल रहा है। क्रू मेंबर में तीन भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।

मिशन भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के बारे में और जानकारी हासिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है।

दूतावास ने कहा कि भारतीय राजदूत मनोज महापात्रा ने कार्गो जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों से बात की। उन्होंने पुष्टि की कि तीनों की सेहत ठीक है। राजदूत ने कॉन्स्टैंटा काउंटी अस्पताल में इलाज करा रहे तीन भारतीय नागरिकों से बात की। उन्होंने अस्पताल के मुख्य डॉक्टर से भी बात की। डॉक्टर ने पुष्टि की कि तीनों की सेहत अच्छी है। राजदूत ने उन्हें हर संभव मदद और सहयोग का भरोसा दिलाया।

मिशन घायल नाविक का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है। वह भारतीय क्रू सदस्यों की भलाई और सेहत के लिए हर संभव मदद दे रहा है।

ये भी देखे: भारत ने ओमान तट पर जहाजों पर हमलों को लेकर अमेरिकी राजनयिक को किया तलब

You may also like