चंडीगढ़, 21 नवंबर 2026: पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए असम से पंजाब पहुंच गए हैं। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे उनकी फ्लाइट अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच परिसर में ही रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच उन्हें उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया जाएगा। वहां उनकी दादी का अंतिम संस्कार होना है।
अमृतपाल सिंह असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। दादी के निधन के बाद परिवार की ओर से उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगी गई थी। अदालत ने उन्हें कुछ शर्तों के साथ केवल तीन घंटे के लिए कार्यक्रम में शामिल होने की इजाजत दी है। इसी अनुमति के तहत पुलिस टीम उन्हें असम से अमृतसर लेकर पहुंची है।
सांसद के गांव पहुंचने से पहले ही अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर जल्लूपुर खेड़ा तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके पैतृक गांव को छावनी में बदल दिया गया है। गांव के प्रवेश मार्गों और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अदालत के आदेशों का पालन कराने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी उसकी प्राथमिकता है।
ये नहीं देखें: हरियाणा के पूर्व भाजपा नेता शमशेर सिंह अहलावत का निधन, कांग्रेस सरकार में चेयरमैन रहे