चंडीगढ़, 11 मई 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में शामिल हुए। पीएम मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर के 90 मीटर ऊंचे भव्य शिखर का देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से कुंभाभिषेक किया। इस विशेष कुंभाभिषेक के लिए एक खास कलश का इस्तेमाल किया गया।
समारोह के दौरान 11 तीर्थ स्थलों का पवित्र जल मंदिर के शिखर पर चढ़ाया गया। इस मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कलाकार सोमनाथ पहुंचे थे।
मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो में भाग लिया। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ रहे।
यह महोत्सव सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और पुनः प्राण-प्रतिष्ठा के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने ‘विशेष महापूजा’, ‘कुंभाभिषेक’ और ‘ध्वजारोहण’ समारोहों में हिस्सा लिया। उन्होंने एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया।