रियासी, 06 जून 2025: Chenab Bridge: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल (चिनाब ब्रिज) का उद्घाटन किया। तिरंगा लहराते हुए पीएम मोदी ने चीन और पाकिस्तान को एक मजबूत संदेश दिया, जो अक्सर भारत की सीमाओं और संप्रभुता को चुनौती देते हैं।
क्या है चिनाब ब्रिज की खासियत?
यह 1,315 मीटर लंबा पुल, जो 359 मीटर की ऊंचाई पर है, एफिल टावर से भी ऊंचा है। स्टील और कंक्रीट से बना यह इंजीनियरिंग का चमत्कार उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा है। यह पुल भूकंप और तेज हवाओं का सामना करने में सक्षम है और कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से रेल के जरिए जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा। उद्घाटन से पहले पीएम ने पुल का दौरा किया, निर्माण में शामिल इंजीनियरों और मजदूरों से मुलाकात की और इस शानदार प्रोजेक्ट की तकनीकी बारीकियों को समझा।
इसके साथ ही, पीएम मोदी ने श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर लोको पायलट रामपाल शर्मा ने भावुक होकर कहा, “यह ट्रेन सिर्फ एक सवारी नहीं, बल्कि देश का एक सपना है, जो अब हकीकत बन चुका है।” यह रेल सेवा जम्मू-कश्मीर के बीच यात्रा को तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी, जिससे पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
ये भी देखे: Patna Airport Terminal: पटना एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल बनकर तैयार, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन