नई दिल्ली, 13 जून 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया की दो देशों की यात्रा पर रवाना हो गए है। इस यात्रा के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी मुलाकात में रक्षा सहयोग प्रमुख मुद्दा रहने की संभावना है।
भारत समुद्री क्षेत्रों में बढ़ती रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। ऐसे में दोनों नेताओं के बीच रक्षा साझेदारी को और गहरा करने पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “अगले कुछ दिनों में मैं फ्रांस और स्लोवाकिया में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लूंगा। इनमें द्विपक्षीय वार्ताएं, बहुपक्षीय बैठकें और भारतीय समुदाय से संवाद शामिल हैं। मेरा मुख्य उद्देश्य आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है।”
यात्रा की शुरुआत नीस शहर से होगी, जहां ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम आयोजित होगा। राष्ट्रपति मैक्रों भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भारत और फ्रांस इस समय ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष’ मना रहे हैं।
14 जून को नीस में प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों देश भारत-फ्रांस विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे।
इसके बाद 16-19 जून को प्रधानमंत्री मोदी एवियां और पेरिस का दौरा करेंगे। फ्रांस के बाद वे स्लोवाकिया जाएंगे।
ये भी देखे: ‘हमने 15 साल तक के बच्चों के लिए बंद किया सोशल मीडिया, PM मोदी भी की अपील’, बोले फ्रांस के राष्ट्रपति