राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच तेज, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा से SIT की पूछताछ

by Manu
राम मंदिर

अयोध्या, 02 जुलाई 2026: राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण की जांच तेज हो गई है। गुरुवार को ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा से मंदिर के एक बंद कमरे में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) पूछताछ कर रही है। वहीं, आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव को कमरे के बाहर बैठाया गया है।

इससे पहले रविवार को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से करीब 3 घंटे पूछताछ हुई थी। अब उनके बयानों का मिलान करने और आरोपियों लवकुश मिश्रा व अनुकल्प मिश्रा की नियुक्ति में ट्रस्ट पदाधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

SIT गुरुवार दोपहर 3 बजे राम मंदिर पहुंची थी। इससे पहले टीम 15 से 20 जून तक भी मामले की जांच कर चुकी है।

उधर, पुलिस ने जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला को 24 घंटे की रिमांड पर लिया है। उसके घर से राम मंदिर का संदूक, 20 लाख रुपए नकद, 1,000 से ज्यादा डॉलर और गहने मिले थे। अविनाश मंदिर में चढ़ावे की गिनती का काम करता था।

इधर, प्रशासन आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने ऐसे मकानों की पहचान की है, जहां नियमों का उल्लंघन हुआ है।

लवकुश मिश्रा के शहादतगंज स्थित मकान और अनुकल्प मिश्रा के कौशलपुरी स्थित मकान पर कार्रवाई हो सकती है। ADA ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस भी जारी किया है।

ये भी देखे: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय से 3 घंटे हुई पूछताछ, बयान दर्ज

You may also like