गुरुग्राम, 21 अक्टूबर 2026: गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को बिजली सप्लाई का लाइसेंस देने का विरोध तेज हो गया है। बिजली कर्मचारियों ने 22 अक्टूबर से तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। सरकार ने बिजली निगम के 25 अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली कर्मचारियों के साथ है। एचईआरसी के फैसले के खिलाफ विद्युत अपीलीय न्यायाधिकरण में अपील करेगी। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की पसंद के वकीलों से केस लड़ने की पेशकश भी की। साथ ही हड़ताल पर न जाने की अपील की।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार पांच-छह दिन में अपील करेगी। फैसले पर स्टे लेने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुरू से ही निजी कंपनी को लाइसेंस देने का विरोध किया है। कर्मचारी नेताओं की ओर से सुझाए गए वकील को भी सरकार साथ लेगी।
वहीं विज ने बुधवार दोपहर तीन बजे बिजली कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाया था। लेकिन बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया। मोर्चे ने शॉर्ट नोटिस कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों की अस्वस्थता और पहले से तय व्यस्तताओं का हवाला दिया।
ये भी देखें: हरियाणा में बिजली कर्मियों की हड़ताल टली, अनिल विज के साथ हुई बैठक