रांची, 10 अगस्त 2026: झारखंड में JPSC की 14वीं प्रारंभिक परीक्षा (PT) समेत अन्य में कथित धांधली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो गई है। एजेंसी ने जांच CID में दर्ज FIR संख्या 16/26 के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए ECIR दर्ज की है। अब परीक्षा धांधली से जुड़े आर्थिक लेन-देन और संभावित मनी ट्रेल की भी जांच होगी। ED को शक है कि परीक्षा में गड़बड़ी के पीछे बड़े पैमाने पर पैसों का लेन-देन हुआ है।
जांच के दायरे में परीक्षा धांधली से जुड़े आर्थिक लेन-देन, पैसों के स्रोत और संभावित मनी ट्रेल शामिल हो सकते हैं। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कथित परीक्षा गड़बड़ी में पैसों का लेन-देन हुआ था या नहीं और अगर हुआ तो इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।
मामले की जांच के लिए ED रांची की यूनिट से पांच सदस्यीय टीम पहुंची है। टीम में एक असिस्टेंट डायरेक्टर और चार इंस्पेक्टर शामिल हैं। टीम परीक्षा धांधली से जुड़े वित्तीय पहलुओं की जांच करेगी और जरूरत के अनुसार मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल कर सकती है।
बता दें कि रविवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की थी। इस दौरान सरकार की ओर से कहा गया था कि परीक्षा धांधली की जांच CID कर रही है। सरकार ने छात्रों से कहा था कि जांच के दौरान अगर वित्तीय घोटाले से जुड़ा कोई मामला सामने आता है तो उसकी जांच ED से कराने के लिए सरकार अनुरोध करेगी। हालांकि सरकार के इस आश्वासन से पहले ही ED ने मामले में ECIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: झारखंड में विधानसभा मार्च को लेकर निषेधाज्ञा लागू, आज विधानसभा का घेराव करेंगे छात्र