दिल्ली सरकार ने ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP का चार्ज देने वाले आदेश पर रोक लगाई

by Manu
विवेक भगत

दिल्ली, 06 अक्टूबर 2026: दिल्ली सरकार ने ACP विवेक भगत को एडिशनल DCP का चार्ज देने वाले आदेश पर रोक लगा दी है। सरकार अब इस आदेश में बदलाव करके इसे दोबारा जारी करेगी। विवेक भगत पर 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। इस मामले में FIR दर्ज करने की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन भी चल रहा है।

दिल्ली सरकार के मुताबिक केंद्र शासित प्रदेशों के 12 अधिकारियों को एडिशनल DCP का करेंट ड्यूटी चार्ज यानी CDC देने की प्रक्रिया 25 अगस्त को शुरू हुई थी। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया मौजूदा विवाद से पहले शुरू की गई थी। 5 अक्टूबर को मंजूरी मिलने के बाद अधिकारियों को चार्ज देने का आदेश जारी किया गया था।

विवाद सामने आने के बाद विवेक भगत ने खुद कहा कि जब तक महिला पत्रकारों से जुड़े उत्पीड़न के मामले की पूरी जांच नहीं हो जाती तब तक वह एडिशनल DCP का चार्ज नहीं लेना चाहते। इसके बाद सरकार ने पहले जारी आदेश में बदलाव करने का फैसला किया है।

सरकार के मुताबिक विवेक भगत के मामले में आदेश में बदलाव किया जाएगा। बाकी 11 अधिकारियों के लिए एडिशनल DCP का CDC चार्ज देने का आदेश दोबारा जारी किया जाएगा। सरकार का कहना है कि अधिकारियों को चार्ज देने की प्रक्रिया पहले से चल रही थी। इसे मौजूदा विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।

ये भी देखे: दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया, चार गिरफ्तार

You may also like