बेलफास्ट, 11 अगस्त 2026: अफगानिस्तान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2027 वनडे विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है। सोमवार को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेले गए तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से मात दी। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
टॉस के बाद पहले गेंदबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने आयरलैंड की पूरी टीम को 46.3 ओवर में 206 रन पर समेट दिया। अफगान गेंदबाजों ने शुरुआत से ही आयरिश बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। हालांकि आयरलैंड ने नौवें विकेट के लिए अहम साझेदारी कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया और अफगानिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने एक समय 97 रन पर सिर्फ दो विकेट गंवाए थे और मुकाबला उसके नियंत्रण में नजर आ रहा था। लेकिन इसके बाद टीम ने तेजी से विकेट गंवाए। अफगानिस्तान ने 176 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने पांच विकेट और गंवा दिए। स्कोर 176/7 होने के बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और आयरलैंड की जीत की उम्मीदें भी बढ़ गईं।
ऐसे मुश्किल समय में अनुभवी ऑलराउंडर राशिद खान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 37 रन बनाए। राशिद ने 43 गेंदों की अपनी पारी में चार चौके लगाए। दूसरे छोर पर यामिन अहमदजई ने उनका बखूबी साथ दिया। उन्होंने 26 गेंदों पर नाबाद 4 रन बनाए। दोनों ने आखिरी तक विकेट बचाए रखा और अफगानिस्तान को 44.5 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया। राशिद खान को इस मैच में उनके निर्णायक प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
ये भी देखे: आयरलैंड ने भारत को 2-0 से क्लीन स्वीप किया, भारत 16 टी-20 सीरीज जीतने के बाद हारा