पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल पटियाला में मनाई गई गांधी जयंती और महाराजा अग्रसेन जयंती
पटियाला : पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल पटियाला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म दिवस और महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा और प्रेम से मनाई गई । इस अवसर पर ट्यूलिप हाउस की ओर से एक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया । इसमें कक्षा पांचवी की छात्रा भवजोत कौर ने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए । उनका जन्म 2 अक्टूबर, 1869 में गुजरात के पोरबंदर नामक स्थान पर हुआ था । वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख राजनैतिक और आध्यात्मिक नेता थे । उनके नियम अहिंसा के सिद्धांत पर आधारित थे । उन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिला कर पूरे विश्व को मानवीय अधिकारों के प्रति जागरूक किया । इसलिए उन्हें महात्मा की उपाधि दी गई । इस अवसर पर विद्यालय के प्री-प्राइमरी विभाग में कई गतिविधियों का आयोजन किया गया । विद्यार्थियों ने बापू जी के तीन बंदरों द्वारा बुरा न बोलने , न सुनने और न देखने की शिक्षा पर आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लिया । उन्होंने क्राफ्ट गतिविधियों द्वारा ‘बापू’ के लिए अपने प्रेम और सम्मान को प्रकट किया । विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर कविताएं सुनाई और नारे लगाए । स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए प्राथमिक कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा एक गतिविधि रन फॉर फन भी आयोजित की गई। उन्होंने परिसर के स्वच्छता अभियान में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और दूसरों को प्रेरित किया।
इसके साथ विद्यालय की कक्षा छठी की छात्रा मनमीत कौर ने छात्रों को महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के अवसर पर बधाई देते हुए उनके जीवन से जुड़े कुछ तथ्यों को उजागर किया । नवरात्रि के पहले दिन को अग्रसेन जयंती के रूप में मनाया जाता है । महाराजा अग्रसेन ऐसे कर्म योगी लोकनायक थे, जिन्होंने बाल्यकाल से ही संघर्षों से जूझते हुए सकल मानव समाज को महानता का जीवन पथ दिखाया ।
विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्या श्रीमती सुखजीत कौर जी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की और उन्हें सत्य, प्रेम , अहिंसा के पथ पर चलकर देश सेवा करने का संदेश दिया । उन्होंने छात्रों को महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों का अनुकरण करने की प्रेरणा दी, ताकि वे अपने जीवन को सही दिशा में ले जा सकें और समाज के लिए उदाहरण बन सकें ।
पुलिस डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल पटियाला में मनाई गई गांधी जयंती और महाराजा अग्रसेन जयंती
60