चंडीगढ़, 30 सितंबर 2026: पंजाब भर में आँगनवाड़ी कार्यकर्ता भगवंत मान सरकार के ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान से ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में जुड़ते हुए परिवारों और समुदायों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए ज़मीनी स्तर पर एक नेटवर्क तैयार कर रही हैं, जिसमें खेल और सामुदायिक भागीदारी नशे की रोकथाम की रणनीति के प्रमुख घटक बनकर उभर रहे हैं।
श्री मुक्तसर साहिब के मलोट में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम ने यह झलक पेश की कि भगवंत मान सरकार का ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान एनफोर्समेंट और नशा मुक्ति से आगे बढ़कर सामुदायिक स्तर पर नशे की रोकथाम को मज़बूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इस अवसर पर, ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में सेवाएँ दे रहीं 20 आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नशे के ख़िलाफ़ जागरूकता फैलाने में उनके योगदान के लिए सामाजिक सुरक्षा एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सम्मानित किया।
परिवारों और बच्चों के साथ नियमित संपर्क में रहने वाली आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को समुदाय स्तर पर जागरूकता दूत के रूप में भूमिका दी जा रही है; वे लोगों को नशे के ख़तरों के प्रति जागरूक करने, समय रहते हस्तक्षेप के लिए प्रेरित करने और ज़रूरतमंद लोगों को सरकार की नशा मुक्ति एवं रिहैबिलिटेशन सेवाओं से जोड़ने में मदद करेंगी।
मलोट में आयोजित कार्यक्रम में नशे की रोकथाम के साधन के रूप में खेलों पर सरकार के बढ़ते ज़ोर को भी प्रदर्शित किया गया। ज़िले के युवाओं को हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और क्रिकेट के उपकरणों वाले 100 से अधिक खेल किट वितरित किए गए।
आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, युवाओं और ज़िले के सामुदायिक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “पंजाब सरकार खेलों के बुनियादी ढाँचे का विस्तार कर रही है, ताकि युवाओं को स्वस्थ विकल्प उपलब्ध करवाए जा सकें और उन्हें नशे से दूर रखा जा सके।”
मंत्री ने बताया ,”पंजाब में करीब 3,000 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस वर्ष जनवरी में 500 पिंड जिम का उद्घाटन किया था। इस महीने की शुरुआत में बठिंडा से शुरू हुए वार्षिक खेल महोत्सव ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ के चौथे सीजन के माध्यम से भी युवाओं को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।”
ये भी देखें: ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट’ संबंधी श्री अकाल तख्त साहिब के साथ तालमेल के लिए 7 सदस्यों की कमेटी गठित