तिलक नगर विवाद में सौरभ भारद्वाज-जरनैल सिंह समेत AAP कार्यकर्ताओं पर FIR

by Manu
आप नेता सौरभ भारद्वाज

दिल्ली, 29 सितंबर 2026: तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा और साहिब सिंह से जुड़े विवाद ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने पुलिसकर्मी से कथित मारपीट के मामले में आप नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम एफआईआर में शामिल किए हैं। इसी बीच मंगलवार को आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रवेश वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

मामला 27 सितंबर को सड़क निरीक्षण के दौरान साहिब सिंह को थप्पड़ मारे जाने के आरोप से शुरू हुआ था। अब इसी घटनाक्रम से जुड़े अलग-अलग मामलों में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस कार्रवाई सामने आ रही है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार अरविंद केजरीवाल के तिलक नगर दौरे के दौरान सादे कपड़ों में तैनात एक हेड कांस्टेबल वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान आप समर्थकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। उनके साथ मारपीट की।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में आप नेता सौरभ भारद्वाज और जरनैल सिंह के नाम के साथ आप कार्यकर्ताओं का भी उल्लेख है। घटना के बाद हेड कांस्टेबल का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस के अनुसार सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने और सरकारी कर्मचारी पर हमला करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसी घटनाक्रम में साहिब सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक यह मामला सरकारी कर्मचारी की ड्यूटी में बाधा डालने और उनसे कथित मारपीट से संबंधित है।

यह कार्रवाई उस विवाद से अलग है जिसमें 27 सितंबर को सड़क निरीक्षण के दौरान साहिब सिंह को थप्पड़ मारे जाने का आरोप लगा था।

ये भी देखें: दिल्ली मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को मारा थप्पड़, युवक वीडियो बना रहा था

You may also like