गोरखपुर, 19 अगस्त 2026: गोरखपुर में मंगलवार को महिला की शिकायत सुनकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भड़क गए। उन्होंने कहा- महिला को रास्ता उपलब्ध कराओ। अगर रास्ता नहीं दिया जा रहा तो लेखपाल, कानूनगो और तहसीलदार सभी को सस्पेंड करो। जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दरअसल जनता दर्शन के दौरान महिला ने योगी को बताया कि कुछ दबंग उसे रास्ता नहीं दे रहे हैं। शिकायत करने पर धमकी देते हैं- “जहां जाना है चली जाओ।” इस पर सीएम अफसरों पर नाराज हो गए। उन्होंने महिला को उसकी समस्या के जल्द समाधान का भरोसा दिया।
हालांकि महिला कौन थी और कहां की रहने वाली है इसका पता नहीं चल पाया है। सीएम योगी ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम खुद एक-एक फरियादी के पास पहुंचे। उनकी शिकायत सुनी। लोगों ने अपने प्रार्थना पत्र भी सीएम को दिए।
योगी ने खुद कई लोगों के प्रार्थना पत्र पढ़कर समस्या की जानकारी ली। सीएम ने लोगों से कहा कि वे परेशान न हों। सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है। हर पीड़ित की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।
ये भी देखें: सीएम योगी का जनता दर्शन, 200 लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश