चंडीगढ़, 17 अगस्त 2026: हरियाणा भाजपा की बैठक सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास संत कबीर कुटीर पर शुरू हुई। बैठक में प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा के विधायक, मंत्री, जिला अध्यक्ष और 2024 विधानसभा चुनाव में पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके उम्मीदवार पहुंचे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं हरियाणा प्रभारी तरुण चुघ की मौजूदगी को भी बैठक में अहम माना जा रहा है।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विशेष चर्चा प्रस्तावित है। पार्टी संगठन की ओर से विधायकों और चुनाव हारे उम्मीदवारों को SIR की प्रक्रिया, मतदाताओं से संपर्क और बूथ स्तर तक संगठन की भूमिका को लेकर दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। इसके अलावा तिरंगा यात्रा व गुरु रविदास जयंती को लेकर प्रदेश में चल रही कलश यात्रा की भी समीक्षा की गई है।
भाजपा इस अभियान के जरिए विधानसभा क्षेत्रों में अपने संगठनात्मक नेटवर्क को सक्रिय रखने की रणनीति पर भी चर्चा कर सकती है। विधायकों और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर नजर रखने की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
ये भी देखे: हरियाणा भाजपा में 3 प्रदेश महामंत्रियों को सौंपे गए जिले, जिम्मेदारियों का बंटवारा