अटारी-वाघा बॉर्डर पर स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम, बीएसएफ डीआईजी ने जवानों को किया सम्मानित

by Manu
अटारी बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी

चंडीगढ़, 16 अगस्त 2026: भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी-वाघा बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल की ओर से स्वतंत्रता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बीएसएफ के डीआईजी एसएस चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सीमा पर तैनात जवानों और अधिकारियों में इस दौरान खासा उत्साह देखने को मिला।

एसएस चंदेल ने जवानों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीएसएफ के जवान दिन-रात देश की सीमाओं की सुरक्षा में पूरी निष्ठा के साथ डटे हुए हैं। देश की सीमाओं की रक्षा करना बीएसएफ के लिए गर्व की बात है और जवान हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि सीमा पर बीएसएफ ने दुश्मन की गतिविधियों का मजबूती से मुकाबला किया है। जवानों ने आतंकियों के मंसूबों को नाकाम करने के साथ ड्रोन गतिविधियों पर भी प्रभावी कार्रवाई की है। इसके अलावा नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने में भी बीएसएफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समारोह के दौरान सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए दो बीएसएफ जवानों को सम्मानित किया गया। डीआईजी ने कहा कि पदोन्नति जवानों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने जवानों को भविष्य में भी इसी तरह देश सेवा के लिए तत्पर रहने का संदेश दिया।

ये भी देखे: अटारी-वाघा बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी का समय बदला, आज से नई टाइमिंग लागू

You may also like