चंडीगढ़, 14 अगस्त 2026: चंडीगढ़, मोहाली और पठानकोट में बारिश हो रही है। पंजाब-चंडीगढ़ में आज से भारी बारिश की संभावना है जो 19 अगस्त तक चलेगी। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई जिससे यह सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक हो गया है। सबसे अधिक तापमान 37.2 डिग्री पटियाला में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 2 से 3 घंटों यानी सुबह 10 बजे तक मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। विभाग ने लोगों को तूफानी गतिविधि के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।
गुरदासपुर, पठानकोट, बटाला, अजनाला और डेरा बाबा नानक समेत कई इलाकों में सवा 11 बजे तक भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
ये भी देखे: चंडीगढ़-मोहाली में बारिश से मौसम हुआ ठंडा, अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट