फगवाड़ा, 14 अगस्त 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान कपूरथला ज़िले में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या में श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। हज़ारों श्रद्धालुओं की भीड़ में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारे गूंज उठे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के बुजुर्ग माता-पिता को तीर्थ यात्रा पर ले जाकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खुद को आधुनिक युग का एक समर्पित बेटा साबित किया है, जो राज्य के हर बुजुर्ग की सेवा अपने माता-पिता की तरह कर रहे हैं।
‘आप’ प्रमुख ने पंजाब के बुजुर्गों से अपील की कि वे अपने बेटे भगवंत सिंह मान को अपना आशीर्वाद देते रहें और मुख्यमंत्री जीवन भर उनकी सेवा करते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आज तक पंजाब में किसी भी सरकार ने सनातन धर्म के लिए उतना काम नहीं किया है, जितना भगवंत मान सरकार कर रही है।
भजन संध्या को संबोधित करते हुए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “भगवंत मान सरकार ने ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ का विस्तार किया है। अब सालासर जी-श्री खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा जी-वृंदावन धाम के लिए तीर्थ यात्रा रूट शुरू कर दिए गए हैं। इन तीर्थ यात्राओं की भारी मांग है और लंबी वेटिंग लिस्ट है, इसलिए लोगों को अपनी बुकिंग पहले ही करवा लेनी चाहिए। हम 1.5 लाख श्रद्धालुओं को इन जगहों की तीर्थ यात्रा पर ले जाएंगे।”
पटियाला के काली माता मंदिर के पुनर्निर्माण के बारे में बात करते हुए ‘आप’ प्रमुख ने कहा, “पटियाला में काली माता मंदिर का 80 करोड़ रुपये की लागत से पूरी तरह से पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसका काम लगभग 10 अक्टूबर से शुरू होगा। वहां एक बहुत ही भव्य और आकर्षक मंदिर बनाया जा रहा है। लोगों की माता काली में अटूट आस्था है और वहां जो भी मांगा जाता है, उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसलिए, सभी को कम से कम एक बार माता काली के दर्शन करने चाहिए और उनका आशीर्वाद लेना चाहिए।”
‘इक शाम भगवान शिव के नाम’ पहल के बारे में बात करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आज फगवाड़ा में भगवान शिव को समर्पित एक भजन संध्या आयोजित की गई है। इसी तरह, पंजाब के 23 शहरों में ‘इक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्याएं आयोजित की जा रही हैं। पंजाब की ‘आप’ सरकार सनातन धर्म के लिए बहुत काम कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और मैं हर शिव भजन संध्या में शामिल होते हैं और मान साहब खुद इन पहलों में सक्रिय रूप से शामिल रहते हैं।”
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आज तक किसी भी पार्टी या सरकार ने सनातन धर्म के लिए उतना काम नहीं किया है, जितना ‘आप’ सरकार कर रही है।”