मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना: पंजाब के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त तीर्थ यात्रा, 7.15 लाख श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ

by Manu
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना

पंजाब सरकार ने राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को प्रमुख धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना” शुरू की है। यह एक ऐसी पहल है, जिसका उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा कराना नहीं, बल्कि उन बुजुर्ग नागरिकों के सपनों को साकार करना भी है, जो आर्थिक या दूसरे कारणों से जीवनभर अपने मनचाहे तीर्थ स्थलों पर नहीं जा सके।

इस योजना की शुरुआत 27 नवंबर 2023 को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर की गई थी। तब से यह योजना लगातार विस्तार पा रही है और राज्य के हजारों वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध करा रही है।

योजना के तहत 50 वर्ष या उससे अधिक आयु का पात्र पंजाब निवासी निर्धारित धार्मिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा कर सकता है। यात्रा के दौरान परिवहन, भोजन और आवास का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करती है। इसके अलावा प्रत्येक यात्रा दल के साथ डॉक्टरों, स्वयंसेवकों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी तैनात की जाती है ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

पंजाब सरकार के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में प्रतिदिन 1,100 से अधिक वरिष्ठ नागरिक इस योजना के तहत विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए 900 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक यात्री को यात्रा के दौरान चादर, कंबल, तौलिया, तेल और कंघी जैसी आवश्यक वस्तुओं की एक निःशुल्क किट भी प्रदान की जाती है।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत देश के विभिन्न धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पंजाब का निवासी के साथ 50 वर्ष या उससे अधिक आयु का होना आवश्यक है। आवेदन के समय आधार कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, वोटर आईडी कार्ड, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी तथा स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं।

पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 312 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार का लक्ष्य लगभग 7.15 लाख नागरिकों को इस योजना का लाभ पहुंचाना है।

ये भी देखे: महंगाई से राहत देने की पहल, पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई योजना’ से 40 लाख परिवार लाभान्वित

You may also like