पलवल, 08 अगस्त 2026: पलवल जिले के डबचिक में उस समय बड़े अधिकारियों के बीच हडकंप मच गया जब हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सैनी और उनकी पत्नी सुमन सैनी को परोसे जाने वाले घेवर के डिब्बे पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट नहीं लिखी हुई थी। आनन-फानन में अधिकारियों ने सीएम के मेन्यू से घेवर को गायब कर दिया। घेवर होडल के एक स्थानीय मिठाई विक्रेता से मंगवाया गया था।
घटना के बाद डीसी पलवल डॉ. जयेन्द्र कुमार छिल्लर ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को संबंधित दुकान और दूसरी दुकानों से मिठाइयों के सैंपल लेने के निर्देश दिए। इस घटना से एक बार फिर मिठाइयों की गुणवत्ता और पैकेजिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सैनी और पत्नी सुमन सैनी मंगलवार की शाम वृंदावन जा रहे थे। उनके साथ भाजपा की महिला प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी थीं। नेशनल हाईवे स्थित डबचिक पर्यटन स्थल में वे कुछ देर के लिए रुके थे। यहां होडल के भाजपा विधायक हरेन्द्र राम रतन और भाजपा के पलवल से पूर्व विधायक तथा वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया।
ये भी देखे: फरीदकोट में ‘नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम, पीएम मोदी और सीएम सैनी ने किया संबोधन