अमृतसर, 07 जुलाई 2026: अमृतसर-मानावाला रेलवे सेक्शन में रेलवे ट्रैक के पास ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) पोल पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक सीसीटीवी कैमरा लगा मिला है। इसकी सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), जीआरपी और सिविल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आरपीएफ ने कैमरे को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रेलवे सुरक्षा से जुड़े कर्मचारी नियमित गश्त के दौरान अमृतसर-मानावाला रेलखंड के किलोमीटर संख्या 508/23 के पास पहुंचे थे। तभी उनकी नजर ओएचई पोल पर लगे इस कैमरे पर पड़ी। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में अभी यह साफ नहीं हो सका है कि कैमरा किसने और किस मकसद से लगाया था। आरपीएफ अब कैमरे की तकनीकी जांच करा रही है। साथ ही आसपास के इलाके में पड़ताल चल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कैमरा कब और किन परिस्थितियों में वहां लगाया गया। सुरक्षा एजेंसियां इसकी गहराई से जांच कर रही हैं।
ये भी देखे: पंजाब में सीमा बेल्ट के 585 स्थानों पर 2291 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए