चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। चमकौर साहिब विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक चरणजीत सिंह ने रविवार को शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में अकाली दल का दामन थाम लिया।
उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं दिया गया था। जिसके कुछ दिनों बाद ही उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने पार्टी में उनका स्वागत किया। ऐसे में अब चमकौर साहिब विधानसभा सीट पर मुकाबला रोचक होने वाला है।
इस मौके पर एसएडी नेता एनके शर्मा ने कहा कि चरणजीत सिंह के आने से पार्टी और मजबूत होगी। आप द्वारा टिकट न दिए जाने के बाद चरणजीत सिंह ने कहा था कि वे हर हाल में चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। आप ने चमकौर साहिब से जसवीर सिंह गढ़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है। जसवीर सिंह गढ़ी पंजाब बीएसपी के पूर्व अध्यक्ष और पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं। इससे पहले चरणजीत सिंह ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भी चमकौर साहिब सीट से चुनाव लड़ा था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे