चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: हरियाणा की राजनीति में परिसीमन के जरिए एक बार फिर बड़े बदलाव की पटकथा तैयार हो रही है। केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव पर अमल हुआ तो प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या 90 से बढ़कर 135 और लोकसभा सीटों की संख्या 10 से बढ़कर 15 हो जाएगी। यानी विधानसभा में 45 और लोकसभा में 5 सीटों की बढ़ोतरी होगी।
यह बढ़ोतरी केवल जनप्रतिनिधियों की संख्या तक सीमित नहीं रहेगी। बल्कि प्रदेश का पूरा चुनावी भूगोल और राजनीतिक समीकरण बदल सकती है।
नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन और मौजूदा हलकों की सीमाओं में बदलाव से कई नेताओं के राजनीतिक गढ़ प्रभावित होंगे। ऐसे में मौजूदा विधायकों पूर्व विधायकों और टिकट के दावेदारों को अपनी राजनीतिक जमीन नए सिरे से तैयार करनी पड़ सकती है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को संविधान के 132वें संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है।
संसद के विशेष सत्र में इन विधेयकों को पेश किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि अभी यह प्रस्तावित व्यवस्था है। संसद की मंजूरी और परिसीमन आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हरियाणा के नए चुनावी नक्शे की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और हिसार के कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने प्रस्तावित परिसीमन का यह कहते हुए विरोध किया है कि इससे अनावश्यक खर्च बढ़ेगा और जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग होगा।
ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे