ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: पंजाब पुलिस ने सातवीं बार जीता खिताब, सीएजी दिल्ली को हराया

by Manu
Surjit Hockey Tournament

चंडीगढ़, 29 नवंबर 2026: 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट का खिताब पंजाब पुलिस ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में पंजाब पुलिस ने सीएजी दिल्ली को सडन डेथ पेनल्टी शूटआउट में कड़े संघर्ष के बाद 7-6 से पराजित किया। इस जीत के साथ पंजाब पुलिस ने सातवीं बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।

मैच की शुरुआत में सीएजी दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17वें मिनट में प्रमोद के पेनल्टी स्ट्रोक और 22वें मिनट में आमिद खान पठान के फील्ड गोल की मदद से 2-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि पंजाब पुलिस ने हार नहीं मानी। वापसी करते हुए 39वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और 57वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी कॉर्नर गोल से स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया।

निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। जिसमें सडन डेथ के रोमांचक दौर में पंजाब पुलिस ने 7-6 से बाजी मारी।

कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। पंजाब पुलिस को गाखल ग्रुप की ओर से 6 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। जबकि उपविजेता सीएजी दिल्ली को डॉ. अनूप बौरी इनोसेंट ग्रुप की ओर से 2.50 लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। भारतीय टीम के कप्तान और पंजाब पुलिस के कप्तान ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्हें 1.01 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

ये भी देखें: कैथल पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, खेल कोच पर हमले की फिराक में थे

You may also like