गुरुग्राम में स्कूल खुलते ही बसों की सख्त चेकिंग, 4500 वाहनों की होगी सुरक्षा जांच

by Manu
School Bus Inspection

गुरुग्राम, 07 जुलाई 2026: गुरुग्राम में स्कूल खुलते ही जिला प्रशासन ने स्कूली बसों की सुरक्षा जांच का विशेष अभियान शुरू कर दिया है। सोमवार से चल रहे इस अभियान में अब तक 105 बसों की जांच हो चुकी है। इनमें से 24 बसों में विभिन्न अनियमितताएं मिली हैं। प्रशासन ने संबंधित स्कूल प्रबंधनों को नोटिस जारी कर दिए हैं।

हरियाणा मानवाधिकार आयोग के निर्देश पर उपायुक्त उत्तम सिंह ने यह विशेष अभियान शुरू करवाया है। डीसी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम में डीसीपी ट्रैफिक, एडीटीओ-सहायक सचिव आरटीए, हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक, विभिन्न क्षेत्रों के एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी और रोड सेफ्टी अधिकारी शामिल हैं।

एडीटीओ एवं सहायक सचिव आरटीए हरेंद्र वीर ने बताया कि यह अभियान अगले 15 दिनों तक चलेगा। इस दौरान जिले की लगभग 4500 स्कूली बसों की चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभियान पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ चलाया जा रहा है। लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर स्कूल बस ‘सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी’ और मोटर वाहन अधिनियम के सभी नियमों का पालन करे।

ये भी देखे: गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 श्रीराम स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, चला सर्च ऑपरेशन

You may also like