नई दिल्ली, 26 जून 2026: दिल्ली में टोल प्लाजा पर लंबी कतारों और बार-बार रुकने की परेशानी अब जल्द ही कम होने वाली है। राजधानी के सभी 156 टोल नाकों पर आधुनिक मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) सिस्टम लगाने की तैयारी चल रही है।
इस हाईटेक व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहन बिना किसी बैरियर के टोल प्लाजा पार कर सकेंगे और टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा। नई व्यवस्था से ट्रैफिक जाम काफी कम होने के साथ यात्रा भी तेज और सुविधाजनक हो जाएगी।
दिल्ली नगर निगम (MCD) सभी 156 टोल नाकों पर मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम विकसित करेगा। इस तकनीक को फास्टैग और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा। जैसे ही वाहन टोल क्षेत्र से गुजरेगा, कैमरा उसकी नंबर प्लेट पहचान लेगा और फास्टैग से टोल स्वतः कट जाएगा। वाहन को रुकने की कोई जरूरत नहीं होगी।
नगर निगम ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए MCD अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया था, जिसे सदन ने मंजूरी दे दी है। अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है।
ये भी देखे: FASTag का सालाना पास लीजिए और एक साल तक टोल का नो टेंशन, नितिन गडकरी का ऐलान