दिल्ली साइबर सेल ने निर्यातकों को ठगने वाले बड़े गिरोह का किया पर्दाफाश, 18 गिरफ्तार

by Manu
दिल्ली साइबर सेल

दिल्ली, 25 जून 2026: दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने निर्यातकों से धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का पता लगाकर कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया। यह गिरोह विदेशी खरीदार दिलाने और निर्यात प्रमाण पत्र देने के नाम पर निर्यातकों से लाखों रुपये ठग रहा था।

नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर यह मामला सामने आया। गिरोह INDIA2EXPORTS.COM नाम की वेबसाइट के जरिए फर्जी सेवाएं दे रहा था। आरोपी पीड़ितों से पहले 5,000 रुपये पंजीकरण शुल्क लेते थे। फिर 19,780 रुपये का सेवा पैकेज और ग्लोबल जीएपी समेत अन्य प्रमाण पत्रों के नाम पर 41,300 रुपये अतिरिक्त वसूलते थे।

गिरोह के सदस्य अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबरों से विदेशी खरीदार बनकर पीड़ितों से बात करते थे। बनावटी चैट और ऑर्डर दिखाकर उनका भरोसा जीतते थे। पैसे मिलने के बाद वे संपर्क पूरी तरह तोड़ लेते थे।

अब तक इस गिरोह के खिलाफ 19 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें कुल 10,57,780 रुपये की ठगी हुई है।

नई दिल्ली जिले के साइबर पुलिस स्टेशन की टीम ने छापेमारी कर फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। कॉल सेंटर के मालिक प्रदीप कुमार, सम्मी कुमार गिरी और 16 टेलीकॉलर को गिरफ्तार किया गया। इनमें 14 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।

ये भी देखे: सोशल मीडिया पर अश्लील भद्दे कंटेंट को लेकर NCPCR ने साइबर सेल को भेजा नोटिस

You may also like