पटना, 21 मार्च 2026: बिहार सरकार ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों और मेलों के सुचारु संचालन के लिए कुल एक करोड़ 63 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह फैसला शुक्रवार को लिया गया।
उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार आस्था और परंपरा से जुड़े बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को सुरक्षित, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन आयोजनों में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि स्थानीय सक्रिय लोगों को आयोजनों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इससे कार्यक्रमों में निखार आता है और बेहतर परिणाम मिलते हैं।
पटना नगर क्षेत्र में रामनवमी शोभा यात्रा के लिए 50 लाख रुपये, पटना के दुल्हिन बाजार स्थित उलार धाम सूर्य मंदिर में चैती छठ मेला के लिए 6 लाख रुपये, औरंगाबाद जिले के प्रसिद्ध देव चैती छठ मेला के लिए 30 लाख रुपये, दरभंगा राम दरबार चौक महावीर मंदिर रामनवमी मेला के लिए 5 लाख रुपये, मुंगेर के सीताकुंड मेला के लिए 21 लाख रुपये, मुजफ्फरपुर श्रावणी मेला के लिए 5 लाख रुपये, बांका श्रावणी मेला के लिए 31 लाख रुपये, अररिया जिले के बाबा सुन्दरनाथ धाम में महाशिवरात्रि मेला का बकाया 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी आयोजनों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बुनियादी सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्वीकृत राशि का उपयोग केवल निर्धारित मदों में ही हो। किसी भी प्रकार का विचलन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित समाहर्ता, अपर समाहर्ता और अंचलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि राशि का व्यय पूरी पारदर्शिता से हो और समय पर उपयोगिता प्रमाण-पत्र विभाग को उपलब्ध कराया जाए।
ये भी देखे: बिहार सरकार का गिफ्ट, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को और आकर्षक बनाया गया