लखनऊ, 20 मार्च 2026: उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को मौसम अचानक बिगड़ गया। सुबह से ही कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। लखनऊ में करीब 10 बजे आसमान अंधेरा छा गया। तेज आंधी चली और कुछ इलाकों में ओले भी गिरे।
अयोध्या, बाराबंकी, सीतापुर और सिद्धार्थनगर में भी तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। झांसी में दोपहर बाद अंधेरा छाया और बारिश शुरू हो गई। प्रयागराज और मथुरा में पहले से ही तेज बारिश और धूलभरी आंधी चल रही थी। कई जगह सड़कों पर पानी भर गया।
स्कूली बच्चे और दफ्तर जाने वाले लोग छाते और रेनकोट लेकर निकले। कानपुर, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, मेरठ समेत 25 से ज्यादा जिलों में रुक-रुक कर बारिश जारी रही। काशी में आंधी के साथ बूंदाबांदी हुई। घाटों पर दुकानदार सामान समेटकर लौट गए।
इस बीच मौसम की मार ने जान भी ली। प्रयागराज, बलरामपुर, बहराइच और मिर्जापुर में आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों समेत 5 लोगों की मौत हो गई। कई इलाकों में गेहूं की खड़ी फसलें गिर गईं। किसान बताते हैं कि बेमौसम बारिश से सरसों और आलू की फसल भी खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया है। अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
ये भी देखे: पश्चिमी यूपी में मौसम का अचानक बदला, आंधी-बारिश-ओलों का येलो अलर्ट जारी