चंडीगढ़, 20 मार्च 2026: हरियाणा सरकार ने मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए कदम तेज कर दिए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में गुरुवार को हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) की उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक में गुरुग्राम के सेक्टर-56 से पंचगांव तक नई मेट्रो कनेक्टिविटी पर विस्तार से चर्चा की गई।
एचएसआईआईडीसी की ओर से इस रूट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और लेआउट प्लान का अध्ययन किया जा रहा है। साथ ही सिही गांव के पास सेक्टर-36 ए में मेट्रो डिपो के लिए जगह को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह नई लाइन गुरुग्राम के दक्षिणी हिस्से को बेहतर कनेक्टिविटी देगी और औद्योगिक-आवासीय क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान बनाएगी।
बैठक में बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार की संभावनाओं का भी जायजा लिया गया। इस रूट का तकनीकी आकलन राइट्स कंपनी कर रही है। इसके अलावा बहादुरगढ़ से आसौधा रूट पर नया अध्ययन शुरू किया गया है। आसौधा में इंटरचेंज स्टेशन विकसित करने की योजना है जिससे यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा और दिल्ली मेट्रो से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
मुख्य सचिव ने बताया कि मेट्रो के उपयोग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच 1.74 करोड़ से अधिक यात्रियों ने मेट्रो का सफर किया जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 13.55 प्रतिशत अधिक है। किराया आय में 12.64 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि गैर-किराया आय में 108 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई।
बैठक में गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत कॉरिडोर की अलाइनमेंट को मंजूरी मिल चुकी है। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है।
ये भी देखे: मयूर विहार पॉकेट-1 मेट्रो स्टेशन का नाम बदला, अब होगा ‘श्री राम मंदिर मयूर विहार’ नाम