चंडीगढ़, 17 मार्च 2026: लोकसभा में मंगलवार को बजट सत्र के दौरान निलंबित किए गए 8 सांसदों पर लगा सस्पेंशन हटा दिया गया। इनमें कांग्रेस के 7 और वामपंथी दल के एक सांसद शामिल हैं। ये आठों सांसद 4 फरवरी को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित किए गए थे।
निलंबन का कारण सदन में हंगामा था। उस दौरान राहुल गांधी पूर्वी लद्दाख में 2020 के भारत-चीन सीमा तनाव का जिक्र कर रहे थे। हंगामा के बीच सांसदों पर स्पीकर पीठासीन कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी की कुर्सी की ओर कागज फेंकने का आरोप लगा। इसी आधार पर सदन से उन्हें बाहर कर दिया गया था।
मंगलवार को कांग्रेस सांसद के. सुरेश सहित तीन सांसदों ने सस्पेंशन हटाने का प्रस्ताव रखा। सदन में ध्वनि मत से इसे पास कर लिया गया। प्रस्ताव का समर्थन सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने भी किया। उन्होंने कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी सत्ता पक्ष पर भी है। धर्मेंद्र यादव ने खास तौर पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का नाम लेकर कहा कि उन्हें भी सदन की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए।
इसके बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्लेकार्ड और एआई से बनाई गई तस्वीरें सदन में प्रदर्शित न करें।
ये भी देखे: संसद बजट सत्र का दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू, आ सकता है लोकसभा स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव