चंडीगढ़, 16 मार्च 2026: एमपी सतनाम सिंह संधू ने आज संसद में कहा कि चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ का दर्जा न मिलने कारण पंजाबियों को दिल्ली से अंतर्राष्ट्रीय उड़ान पकड़ने में 11 से 12 घंटे का समय लगता है, जबकि चंडीगढ़ हवाई अड्डे से केवल दो इंटरनेशनल फ्लाइट्स अबू धाबी और दुबई के लिए संचालित होती हैं।
राज्यसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान एमपी सतनाम सिंह संधू द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि सरकार चंडीगढ़ इंटरनेशनल हवाई अड्डे से होने वाले ट्रैफिक का आकलन करेगी, ताकि इस हवाई अड्डे को ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ के रूप में नामित किया जा सके। यह दर्जा इंटरनेशनल एयरलाइनों के लिए किसी विशेष हवाई अड्डे से ग्लोबल डेस्टिनेशन तक उड़ान भरने के लिए एक अनिवार्य शर्त है।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए एमपी संधू ने कहा कि पंजाब से दिल्ली की यात्रा में सात से आठ घंटे लगते हैं और उसके बाद उड़ान भरने से तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचना ज़रूरी होता है। नतीजतन, पंजाबियों को अपनी इंटरनेशनल उड़ानें पकड़ने के लिए कुल 11 से 12 घंटे इंतज़ार करना पड़ता है।
चंडीगढ़ से अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की मांग करते हुए एमपी संधू ने कहा कि चंडीगढ़ हवाई अड्डा अभी अपनी क्षमता के केवल 60 प्रतिशत पर ही काम कर रहा है, क्योंकि इसे ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ सूची से बाहर रखा गया है, जिस वजह से वहां इंटरनेशनल उड़ानें नहीं उतरतीं। इससे पंजाब के लोगों को बहुत सुविधा होगी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से पूछा कि हम कब उम्मीद कर सकते हैं कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे को ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ सूची में शामिल किया जाएगा?
उन्होंने कहा कि भारत में हवाई अड्डों को इंटरनेशनल उड़ानों के लिए ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ के तौर पर नामित करते हुए कि केंद्र सरकार भारतीय विमानन कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय यात्री यातायात का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि भारत के महानगरों में स्थित हवाई अड्डे अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र बन सकें।
एमपी संधू के सवाल के जवाब में, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के कई एयरपोर्ट अपनी इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ का दर्जा देने की गुज़ारिश कर रहे हैं। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहले से ही अबू धाबी और दुबई से कनेक्टिविटी है।
इसलिए, ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ का निर्धारण मुख्य रूप से तब ज़रूरी हो जाता है, जब विदेशी एयरलाइंस हमारे किसी खास हवाई अड्डे पर उड़ानें संचालित करना चाहती हैं। यदि भारत की घरेलू एयरलाइंस (भारतीय वाहक) ‘द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौतों’ (बीएएसए) के तहत दुनिया भर में किसी भी डेस्टिनेशन के लिए उड़ान भरना चाहती हैं, तो वे हमारे किसी भी हवाई अड्डे से उड़ान भरने के लिए स्वतंत्र हैं, बशर्ते कि वह हवाई अड्डा चंडीगढ़ हवाई अड्डे की तरह एक ‘इंटरनेशनल हवाई अड्डे’ के रूप में नामित हो।
द्विपक्षीय हवाई सेवा समझौतों के पीछे के तर्क को समझाते हुए, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने कहा कि हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इस क्षेत्र में मुख्य लाभ भारत की अपनी एयरलाइंस (भारतीय वाहकों) को ही मिले। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह भारतीय एयरलाइंस को सक्रिय रूप से प्रोत्साहित करे, ताकि वे अपने खुद के विमानों का उपयोग करके भारत से इंटरनेशनल यात्रियों को उनके डेस्टिनेशन तक पहुँचा सकें। इसलिए, हम यह देखने की कोशिश कर रहे हैं कि हम अपनी भारतीय एयरलाइंस को किस तरह से सबसे बेहतर सुविधाएँ प्रदान कर सकते हैं।
दूसरा, हम यह भी चाहते हैं कि दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों में स्थित हमारे हवाई अड्डे ‘इंटरनेशनल एविएशन हब के रूप में विकसित हों। लेकिन जब हम विदेशी एयरलाइंस को ज़्यादा ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ देते हैं, तो वे यहाँ आती हैं और सभी इंटरनेशनल यात्रियों को अपने देश ले जाती हैं। वे (विदेशी एयरलाइंस) यात्रियों को अपने देश के हवाई अड्डे पर ‘ट्रांज़िट’ (बीच का पड़ाव) की सुविधा देती हैं और फिर वहाँ से उन्हें उनके अंतिम डेस्टिनेशन तक पहुँचाती हैं।
हम अपने शहरों को ‘अंतर्राष्ट्रीय विमानन हब’ क्यों नहीं बना सकते? दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद या कोलकाता ‘अंतर्राष्ट्रीय हब’ क्यों नहीं बन सकते? इसलिए, इसी विचार को ध्यान में रखते हुए हम अपनी भारतीय एयरलाइंस को ज़्यादा से ज़्यादा यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। अतः, इस उद्देश्य को बनाए रखते हुए, हमने पूरे देश में कई ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ निर्धारित किए हैं।
ये भी देखे: MP सतनाम सिंह संधू ने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ‘पॉइंट ऑफ़ कॉल’ सूची में शामिल करने की मांग