चंडीगढ़, 11 मार्च 2026: लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए राज्य सरकार ने तेजी से महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी क्रम में हिसार जिले की गंगवा से आर्य नगर तक जाने वाली सड़क (रोड आईडी 11551) के विशेष मरम्मत कार्य को मंजूरी मिल गई है।
मंत्री ने बताया कि बाढ़ के कारण यह सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग की थी। अब अधिसूचित रोड मेंटेनेंस पॉलिसी के तहत नियमों में आवश्यक छूट देकर इस सड़क का विशेष मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
रणबीर गंगवा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क के मरम्मत कार्य के लिए लगभग 18.28 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मांगी थी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सड़क की मरम्मत पूरी होने से गंगवा आर्य नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश में सड़कों की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया गया है। नेशनल हाईवे सर्किल जींद के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर के पद को री-डिजिग्नेट कर सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर-कम-डायरेक्टर रिसर्च लैब हिसार किया गया है। इस पद का मुख्यालय हिसार होगा। लोक निर्माण विभाग की तीनों क्वालिटी कंट्रोल डिवीजनों की निगरानी और संचालन भी इसी पद के अधिकार क्षेत्र में रहेगा।
ये भी देखे: पलवल में बच्चे की मौत पर कड़ी कार्रवाई, एसडीओ और जेई सस्पेंड, XEN को कारण बताओ नोटिस