चंडीगढ़, 05 फ़रवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा में जनसंवाद के दौरान मिली शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कनीपला राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के टीजीटी हिंदी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। शिक्षक पर 7वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का गंभीर आरोप है। इस मामले में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद शिक्षक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। अब निलंबन के आदेश से विभागीय कार्रवाई भी पूरी हो गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को लाडवा में जनसंवाद कार्यक्रम में मौजूद थे। इस दौरान पीड़ित छात्रा के परिजनों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी शिकायत रखी। उन्होंने बताया कि कनीपला जीएसएसएस स्कूल में पढ़ने वाली उनकी बेटी के साथ स्कूल का एक टीजीटी हिंदी शिक्षक दुर्व्यवहार करता रहा। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने 19 दिसंबर को पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया था। लेकिन विभाग की ओर से अभी तक निलंबन नहीं हुआ था।
जनसंवाद में शिकायत सुनते ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मौके पर ही फोन पर पंचकूला के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित किया जाए। उनके आदेश के तुरंत बाद हरियाणा मौलिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने निलंबन आदेश जारी कर दिया।
ये भी देखे: जींद में पुलिस अधिकारी पर नशे में महिला से अश्लील हरकत करने का आरोप, आरोपित ASI निलंबित