जमुई, 27 दिसंबर 2025: बिहार के जमुई जिले में जसीडीह-झाझा मुख्य रेलखंड पर शनिवार रात करीब 11:40 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। आसनसोल से झाझा की ओर जा रही अपलाइन मालगाड़ी टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बरुआ नदी पुल के समीप पटरी से उतर गई। हादसे में मालगाड़ी के कुल 17 डिब्बे डिरेल हो गए।
इनमें से 10 डिब्बे रेलवे ब्रिज पर ही पलट गए। तीन डिब्बे नीचे बरुआ नदी में जा गिरे। शेष डिब्बे ट्रैक के आसपास बिखर गए। इस कारण पूरा रेलखंड पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे से करीब 30 मिनट पहले इसी ट्रैक से पूर्वांचल एक्सप्रेस गुजरी थी। यह ट्रेन गोरखपुर से कोलकाता जा रही थी। गनीमत रही कि घटना के समय पुल पर कोई यात्री ट्रेन नहीं थी। इससे बड़ा जान-माल का नुकसान टल गया।
हादसे के बाद जसीडीह-किऊल रेलखंड पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। अप और डाउन दोनों लाइनें पिछले 13 घंटे से अधिक समय से प्रभावित हैं। इस रूट से गुजरने वाली कई यात्री और मालगाड़ियां जसीडीह, सिमुलतला सहित आसपास के स्टेशनों पर रोक दी गई हैं। पटना से हावड़ा जाने वाला प्रमुख रेल मार्ग भी बाधित हो गया है।
रेलवे ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। क्रेन और अन्य उपकरणों की मदद से डिरेल डिब्बों को हटाने का काम जारी है।
ये भी देखे: बिलासपुर रेल हादसा: मालगाड़ी के ऊपर चढ़ी कोरबा पैसेंजर ट्रेन, 6 लोगों की मौत