DELHI NEWS: चांदनी चौक में दिनदहाड़े लूट से हड़कंप, व्यापारियों में चिंता

by Manu
चांदनी चौक

नई दिल्ली, 04 जून 2025: पुरानी दिल्ली के नील कटरा में एक दुकान में दिनदहाड़े हवाई फायरिंग के साथ 35 लाख रुपये की लूट ने चांदनी चौक और आसपास के थोक व्यापारियों में दहशत फैला दी है। इस इलाके में आए दिन लूट की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन पर काबू नहीं पाया जा सका है।

व्यापारियों में डर का माहौल

व्यापारी डरे हुए हैं, क्योंकि पुरानी दिल्ली न सिर्फ दिल्ली बल्कि पूरे देश का एक बड़ा कारोबारी केंद्र है। यहां दूसरे राज्यों से लोग खरीदारी के लिए आते हैं और रोजाना करोड़ों रुपये का व्यापार होता है। अगर ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं, तो पुरानी दिल्ली के कारोबार को भारी नुकसान हो सकता है। यहां कपड़े, ज्वेलरी, सूखे मेवे, साइकिल, अनाज, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिक सामान जैसे कई उत्पादों का थोक व्यापार होता है। लाखों कारोबारी रोज यहां आते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है।

DHMA ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की

दिल्ली हिंदुस्तानी मर्केंटाइल एसोसिएशन (DHMA) के महासचिव भगवान बंसल ने बताया कि पहले नील कटरा के पास और फतेहपुरी चौक के नजदीक पुलिस चौकियां थीं, जिनसे व्यापारियों को सुरक्षा का भरोसा मिलता था। लेकिन अब इन चौकियों को हटा दिया गया है। उनका कहना है कि पुलिस गश्त को भी बढ़ाने की जरूरत है।

इन्हीं चिंताओं को लेकर मंगलवार को डीएचएमए और दिल्ली व्यापार महासंघ (डीवीएम) के व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल सेंट्रल रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ज्वाइंट सीपी) बीएस जायसवाल से मिला। उन्होंने पुरानी दिल्ली और चांदनी चौक के बाजारों में सुरक्षा बढ़ाने, नई पुलिस चौकियां बनाने और अन्य जरूरी कदम उठाने की मांग की।

ये भी देखे: दिल्ली पुलिस ने चांदनी चौक रोड पर 12 घंटे के लिए यातायात प्रतिबंधित किया

You may also like