नई दिल्ली, 11 अप्रैल : राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण एनआईए ने मुंबई हमलों के मुख्य आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को शुक्रवार को 18 दिन की हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार उससे 26/11 के आतंकवादी हमले के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए विस्तार से पूछताछ की जाएगी। राणा को अमेरिका से बृहस्पतिवार को भारत लाया गया और यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर पहुंचने पर औपचारिक रूप से उसे गिरफ्तार करने के बाद पटियाला हाउस स्थित की विशेष अदालत में पेश किया गया। बता दें कि 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा से पूछताछ होगी। इससे पहले देर रात करीब ढाई बजे आरोपी तहव्वुर राणा को पटियाला हाउस कोर्ट ने एनआईए के रिमांड पर भेजने का आदेश दिया था। इसके बाद उसे मुख्यालय लाया गया।
साल 2009 में मामला किया था दर्ज
एनआईए ने साल 2009 में मुंबई हमलों को लेकर मामला दर्ज किया था। इस मामले की जांच इस आरोप पर शुरू हुई थी कि डेविड कोलमैन हेडली और कनाडा में रहने वाले पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा ने साल 2006 में पाकिस्तान में स्थित लश्कर-ए-तैयबा और हरकत-उल-जिहाद अल इस्लामी (हूजी) के सदस्यों के साथ मिलकर भारत के विभिन्न हिस्सों में आतंकी वारदातों को अंजाम देने के लिए आपराधिक साजिश रची थी।