शिमला, 20 जून 2025: हिमाचल प्रदेश सरकार ने विद्या नेगी को राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के तहत की गई, जो हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग अधिनियम, 1996 की धारा 3(1) और नियम 4(1) के अनुसार है। विद्या नेगी का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से तीन वर्ष का होगा, और उनकी सेवा शर्तें व वेतन-भत्ते 1999 के नियमों के अनुसार तय होंगे।
विद्या नेगी मनाली तहसील के शनाग गांव, कुल्लू जिले की निवासी हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की करीबी मानी जाती हैं। उनके पास कांग्रेस पार्टी के विभिन्न संगठनों में करीब 30 साल का अनुभव है। वे कुल्लू जिला महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, स्टेट सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर, जिला कांग्रेस कमेटी, ज्ञान विज्ञान समिति और राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की नेशनल को-ऑर्डिनेटर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विद्या नेगी को बधाई देते हुए कहा कि यह पद महिला सशक्तिकरण, न्याय और सामाजिक गरिमा सुनिश्चित करने में अहम है। उन्हें विश्वास है कि नेगी अपने अनुभव और संवेदनशीलता से आयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।
ये भी देखे: पास्टर बजिंदर को उम्रकैद के फैसले का पंजाब महिला आयोग ने किया स्वागत