नई दिल्ली, 05 जून 2025: देश में कोरोना वायरस के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में सक्रिय मामलों की संख्या 4,866 तक पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में 564 नए मामले सामने आए हैं, जबकि सात लोगों की मौत हुई है। इस दौरान 3,955 लोग ठीक भी हुए हैं।
दिल्ली में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां 105 नए मामले दर्ज किए गए और कुल सक्रिय मामले 562 हैं। पिछले 24 घंटों में दिल्ली में दो मरीजों की मौत हुई, जिसमें एक पांच महीने की बच्ची और एक 87 साल का बुजुर्ग शामिल हैं। बच्ची को निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ थी, जबकि बुजुर्ग को हृदय और किडनी से जुड़ी अन्य बीमारियां थीं।
कर्नाटक में भी दो मौतें हुईं। एक 65 वर्षीय बुजुर्ग, जो ब्लड प्रेशर और पिछले चार महीनों से कीमोथेरेपी से जूझ रहे थे, और एक 42 वर्षीय व्यक्ति, जो कोरोना पॉजिटिव था, की मौत हो गई। महाराष्ट्र में तीन लोगों की जान गई, जिनमें दो 73 वर्षीय पुरुष और एक 79 वर्षीय महिला शामिल हैं। ये सभी कोरोना पॉजिटिव थे, लेकिन उन्हें अन्य गंभीर बीमारियां भी थीं।
केरल में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले
राज्यों के आंकड़ों में केरल सबसे आगे है, जहां 1,487 सक्रिय मामले हैं और पिछले 24 घंटों में 114 नए केस सामने आए। दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और गुजरात में भी 500 से ज्यादा सक्रिय मामले हैं।
वहीं, कुछ राज्य ऐसे हैं जहां मामले बेहद कम हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, चंडीगढ़, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मिजोरम, सिक्किम, तेलंगाना और उत्तराखंड में कोरोना के मामले 10 से भी कम हैं।
ये भी देखे: भारत में कोरोना के एक्टिव केस हुआ 4300 के पार, देखें आपके राज्य का हाल