होर्मुज जलडमरूमध्य में टैंकर पर हमला, पांच भारतीय सुरक्षित बचाए गए

by Manu
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

चंडीगढ़, 03 अक्टूबर 2026: मिडिल ईस्ट में तनाव अभी भी जारी है। इस बीच शुक्रवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में कुवैती झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर पर हमला किया गया। इस टैंकर पर पांच भारतीय मौजूद थे। ओमान में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि ये भारतीय नागरिक एमटी काजिमाह III पर सवार थे। जो इस अहम समुद्री रास्ते से गुजरते समय हमले का शिकार हुआ। सभी पांचों लोगों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया गया है।

ओमान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि मिशन ने होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रोजेक्टाइल की चपेट में आए कुवैती झंडे वाले टैंकर एमटी काजिमाह III पर सवार पांच भारतीय नागरिकों के बचाव कार्य में समन्वय किया। सभी पांच भारतीय नागरिकों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचा दिया गया है।

भारतीय दूतावास ने इस मिशन में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों को धन्यवाद कहा। भारतीय दूतावास ने लिखा कि हम ओमान के अधिकारियों का उनके लगातार सहयोग और मदद के लिए धन्यवाद करते हैं।

एमटी काजिमाह III कुवैती झंडे वाला कच्चे तेल का टैंकर है। हमले के समय यह टोगो के लोमे बंदरगाह की ओर जा रहा था।

You may also like